हिंडन छठ घाट पर छठ बेदी पर रंगाई पुताई करता युवक। संवाद
गाजियाबाद। छठ पूजा की तैयारियां शुरू हो गई हैं। चार दिवसीय छठ महोत्सव 25 अक्तूबर से शुरू हो रहा है। इसके लिए हिंडन घाट सहित विभिन्न सोसायटी, कॉलोनियों में अस्थाई घाट तैयार किए जा रहे हैं। सोसायटी के स्विमिंग पुल में भी लोग छठ पूजा करेंगे।
राजनगर एक्सटेंशन में छठ घाट तैयार किया जा रहा है। संकल्प सिद्धी फाउंडेशन छठ पूजा समिति इसका आयोजन करती है। आयोजक कैप्टेन गोपाल गुंजन ने बताया कि यहां पर 100 से अधिक व्रती और उनके परिवार जन पूजन करने के लिए आते हैं। राजनगर एक्सटेंशन की कई सोसायटी और आसपास के गांव से भी व्रतियों का आगमन होता है।
छठ पूजा समिति के साथ कई मंदिर समितियां, एओए, विश्व नव मैथिल संघ, पूर्वांचल समाज, वरिष्ठ नागरिक मंच के सदस्य सहयोग करते हैं। निलाया ग्रीन्स सोसायटी के स्विमिंग पुल में छठ पूजा मनाई जाएगी। निवासी सुनील सिंह ने बताया कि इसके लिए स्वीमिंग पुल की साफ-सफाई कराई जा रही है। क्रॉसिंग रिपब्लिक के भी विभिन्न सोसायटी में छठ पूजा होगी।