शासन की ओर से मेधावी छात्राओं को मिलने वाली कन्या विद्या धन की राशि के 17 चेक बैकों से वापस लौट आए हैं। यह चेक छात्राओं की छात्रवृत्ति के खातों में स्वीकार नहीं होने पर बैंकों ने वापस डीआईओएस कार्यालय को भेज दिए हैं। इसके चलते चयनित छात्राओं को अब दोबारा खाता खुलवाना होगा और फिर उनको दोबारा चेक दिए जाएंगे।
बता दें कि वर्ष 2015 में कन्या विद्या धन के लिए जनपद की 1084 छात्राओं को चयनित किया गया था। चयनित प्रत्येक छात्रा को 30-30 हजार रुपये के चेक जारी किए गए थे। मगर 17 छात्राओं के चेक बैंक में स्वीकार नहीं हो पाए, जिसके चलते चेक वापस डीआईओएस कार्यालय भेज दिए गए।
विभागीय अफसरों का कहना है कि जो चेक वापस हुए हैं। वह उन छात्राओं के हैं, जिनके खाते छात्रवृत्ति के है और छात्रवृत्ति के खाते में 10 हजार से अधिक की राशि जमा नहीं हो सकती। हालांकि, जब चेक बनाए गए थे उस समय छात्राओं को अवगत करवाया गया था कि वह अपने खाते खुलवा लें लेकिन इन छात्राओं ने छात्रवृत्ति वाले खाते के अकाउंट नंबर दे दिए थे
जिला विद्यालय निरीक्षक रामाज्ञा कुमार के अनुसार जिन छात्राओं के चेक बैंक द्वारा वापस किए गए हैं। वह कार्यालय से संपर्क करें। जल्द ही दूसरा खाता खुलवाकर उसका अकाउंट नंबर कार्यालय में दें, जिससे उनके दोबारा चेक बनाए जा सकें।