फर्जी कमिश्नर बनकर डेयरी के मालिक से मांगे दस लाख
सिकंदराबाद। नगर की एक डेयरी संचालक से फोन पर दस लाख रुपये मांगने का मामला सामने आया है। पीड़ित का आरोप है कि फोन करने वाले ने खुद को फूड कमिश्नर बताते हुए अवैध उगाही की मांग की। मामले में शिकायत के आधार पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
बुलंदशहर रोड स्थित शाहजी डेरी के स्वामी हारून शाह ने पुलिस को शिकायत देकर बताया कि सात सितंबर की दोपहर उनके मोबाइल पर एक कॉल आई। व्यस्तता के चलते वह फोन नहीं उठा सके। बाद में जब उस नंबर पर फोन किया तो फोन रिसीव करने वाले युवक ने कहा कि वह लखनऊ से फूड कमिश्नर मुकेश शर्मा बोल रहा है। आपके सैंपल की जांच होने के लिए आए हैं और वह मानकों पर खरे नहीं हैं। यदि जांच रिपोर्ट बदलवाना चाहते हो तो 10 पेटी (दस लाख) का इंतजाम करो। इसके बाद आरोपी ने आठ सितंबर को दोपहर को दो बार कॉल करके दस लाख रुपये देने के लिए दबाव बनाया और रुपये लेकर मेरठ सर्किट हाउस पर बुलाया। दूसरी बार वार्ता के दौरान उसने फोन कॉल की रिकॉर्डिंग कर ली। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच की तो पता चला कि डेयरी पर कार्य करने वाला पूर्व कर्मचारी इसमें शामिल है। इसके आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मथुरा निवासी नरेश और सिकंदराबाद निवासी मुकेश शर्मा को गिरफ्तार किया है। सीओ सतेंद्र कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। बताया कि आरोपी पूर्व में नरेश डेयरी पर मुनीम का कार्य देखता था। दोनों आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उनके मन में रुपयों को लेकर लालच आ गया था। जिसके चलते उन्होंने ठगी करने की योजना बनाई थी।