बाइक खरीदने का झांसा देकर 19 हजार की ठगी
ऊंचागांव। क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक को सोशल मीडिया के माध्यम से बाइक खरीदना महंगा पड़ गया। थाना नरसेना क्षेत्र के गांव पिलखनी निवासी भूरा ने बताया कि उसकी फेसबुक पर एक बाइक बेचने का विज्ञापन दिखाई दिया। जब उसने इस पर दिए गए नंबर पर संपर्क किया तो आरोपी ने 19 हजार रुपये में बाइक बेचने की बात पर हामी भर दी। इसके बाद आरोपी द्वारा दिए गए बैंक खाते में उसने 19 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद जब आरोपी ने और रुपये मांगे तो उसे ठगी का एहसास हुआ। अब पीड़ित ने मामले में पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।