संवाद न्यूज एजेंसी
सिकंदराबाद। महिला को जेल भेजने का डर दिखाकर जालसाज ने उससे 12 हजार रुपये ठग लिए। आरोपी द्वारा फिर से 25 हजार की मांग किए जाने पर पीड़िता ने आरोपी अज्ञात कॉलर के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव भटपुरा निवासी विजय देवी पत्नी बोबी ने बताया कि बुधवार की सुबह करीब नौ बजे उसके मोबाइल पर अज्ञात नंबरों से फोन आए। कॉलर ने बताया कि आपका पार्सल भेजा गया है। जिसमें कपड़े, ज्वैलरी आदि है। पार्सल लेने के लिए आपको दिए गए नंबर पर 12 हजार रुपये पेटीएम करने होंगे। नहीं करने पर आपकी सीबीआई जांच हो जाएगी और आपको, परिवार के लोगों को जेल जाना पड़ेगा। बताया कि जेल जाने के डर से उसने कॉलर के दिए गए नंबर पर 12 हजार रुपये पेटीएम करा दिए। फिर से 25 हजार रुपये जमा कराने के लिए कहा। नहीं देने पर जेल भिजवाने, जान से मारने की धमकी दी। जिसके बाद उसे उसके साथ किसी जालसाज द्वारा ठगी किए जाने का अहसास हुआ। निरीक्षक राजपाल सिंह तोमर ने बताया कि मामले की जांच की जाएगी। जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।