खुर्जा। भारतीय किसान यूनियन लोकशक्ति की ओर से भ्रष्टाचार और किसानों के शोषण के आरोपों को लेकर किए जा रहे लगातार धरना-प्रदर्शन के बाद पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम प्रबंधन ने बड़ी कार्रवाई की है। प्रारंभिक जांच में प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने पर खुर्जा के एक्सईएन समेत तीन अधिकारियों को चार्जशीट जारी की गई है। साथ ही पूरे मामले की विस्तृत जांच शुरू करा दी गई है।
भाकियू लोकशक्ति के जिलाध्यक्ष ठा. देवराज सिंह उर्फ देवू ने खुर्जा क्षेत्र में पिछले एक साल के दौरान भ्रष्टाचार, निगम को वित्तीय नुकसान पहुंचाने और किसानों व उपभोक्ताओं के शोषण के आरोप लगाते हुए शिकायत की थी। कार्रवाई की मांग को लेकर किसान यूनियन की ओर से खंड कार्यालय परिसर में लगातार धरना-प्रदर्शन किया जा रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक ने दो सदस्यीय जांच समिति गठित की थी।
समिति ने 14 अक्तूबर को अपनी प्रारंभिक जांच रिपोर्ट प्रबंधन को सौंप दी। इसमें तीन अधिकारियों की संलिप्तता प्रथम दृष्टया सामने आने पर खुर्जा के एक्सईएन राजीव कुमार आर्य, एसडीओ प्रथम अविनाश कुमार चौधरी और एसडीओ द्वितीय संतोष त्रिपाठी को चार्जशीट जारी की गई है। इसके साथ ही तीनों अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
मामले की विस्तृत जांच के लिए मेरठ क्षेत्र-द्वितीय के मुख्य अभियंता को जांच अधिकारी नामित किया गया है। उन्हें संबंधित साक्ष्यों की पुष्टि करने और अधिकारियों की व्यक्तिगत सुनवाई की प्रक्रिया पूरी करने के बाद जल्द से जल्द अंतिम जांच रिपोर्ट मुख्यालय को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।