संवाद न्यूज एजेंसी
बुलंदशहर। नगर के एक मोहल्ला निवासी पीड़िता ने धोखे से धर्म परिवर्तन कराने और बंधक बनाकर दस साल तक दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। मामले में पीड़िता ने एसएसपी को शिकायत देकर पास के ही एक युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
मूलरूप से जहांगीराबाद क्षेत्र के गांव निवासी महिला ने एसएसपी के नाम शिकायत देकर बताया कि वह नगर के एक मोहल्ला स्थित अपनी ननिहाल में रहती है। इसी दौरान उसकी मुलाकात पास ही रहने वाले एक युवक से हुई। आरोप है कि आरोपी ने उसे प्रेम जाल में फंसा लिया। वर्ष 2010 में परिजनों ने उसकी शादी पहासू निवासी एक युवक से कर दी, लेकिन एक सप्ताह बाद ही आरोपी उसे अपने साथ बहला-फुसलाकर ले गया। आरोपी ने उस पर दबाव बनाया और अपने पक्ष में बयान दिलवा दिए और उसकी इच्छा के खिलाफ जबरन धर्म परिवर्तन करा दिया। इसके बाद से आरोपी ने उसे बंधक बनाकर लगातार दस वर्षों से दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया जा रहा है। जब इसके खिलाफ कार्रवाई की बात कही तो आरोपी ने उसके भाई की हत्या की धमकी दी। आरोप है कि आरोपी उसके बच्चों के साथ भी आए दिन मारपीट करता है। जिसके चलते वह मौका पाकर घर से फरार हुई और पुलिस को शिकायत दी है। मामले में सीओ अजय कुमार ने नगर पुलिस को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।