याकूबपुर में चकबंदी के दौरान वसूली के मामले की जांच अटक गई है। इसका कारण बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी (एसओसी) का रिकार्ड नहीं सौंपा जाना है। इस मामले में डीएम ने एडीएम को जांच सौंपी थी और तीन दिन में रिपोर्ट भी मांगी थी।
पांच अगस्त को याकूबपुर के किसानों ने सामूहिक रूप से अवैध वसूली का आरोप लगाकर एसओसी की शिकायत डीएम से की थी। किसानोें ने आरोप लगाया था कि चकों की नाप की आड़ में किसानों से अवैध वसूली हो रही है। किसान ने एसओसी पर अभद्रता करने का आरोप भी लगाया था।
डीएम ने एडीएम वित्त बृजेश कुमार को इस मामले की जांच सौंप कर तीन दिन में रिपोर्ट तलब की थी। एडीएम वित्त ने बताया कि अब तक एसओसी ने चकबंदी का रिकार्ड उपलब्ध नहीं कराया है।
इसलिए जांच में देरी हो रही है। वहीं, विभागीय सूत्रों का कहना है कि एसओसी ने जिन जिन फाइलों में मनमानी की थी उन फाइलों को दुरुस्त किया जा रहा है। डीएम आंजनेय कुमार सिंह ने बताया कि अब तक जांच रिपोर्ट नहीं मिली है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।