बुलंदशहर। होम लोन दिलाने के नाम पर नकदी और संपत्ति के कागज हड़पने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने मुख्यमंत्री को शिकायती पत्र भेजकर मामले में न्याय की गुहार लगाई। जिसके आधार पर अब नगर कोतवाली पुलिस ने मामले में फाइनेंस कंपनी सहित दो के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। खुर्जा नगर के मुंडाखेड़ा निवासी आकाश सिंह ने मुख्यमंत्री को भेजी शिकायत में बताया कि उन्होंने अपनी मां गीता देवी के प्लॉट पर बुलंदशहर के ब्रह्मपुत्र कांप्लैक्स स्थित फाइनेंस कंपनी हर्ष एन्टरप्राइजेज से 10 लाख रुपये के होम लोन के लिए आवेदन किया था। इसके लिए उन्होंने हर्ष कंपनी के कर्मचारी कमल से संपर्क किया। जिस पर कमल ने फाइनेंस खर्च के लिए 17 मई 2025 को 19 हजार रुपये पेटीएम से और 15350 रुपये नकद ले लिए।
अब आरोपी एक लाख रुपये की मांग कर रहा है। साथ ही बैनामा की नकल और आधार कार्ड आरोपी के पास हैं। आरोपी लोन के नाम पर ठगी कर रहा है और लगातार उसे परेशान कर बार-बार नकदी की मांग कर रहा है।
आरोपी उससे धन वसूलना चाहता है। पीड़ित ने मांग की है कि आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर उसके मकान के कागजात और उससे ली गई नगदी वापस की जाए।
पुलिस ने इस मामले में हर्ष एन्टरप्राईजेज और कमल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। नगर कोतवाल ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच की जा रही है। जल्द ही जांच के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।