बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र में चोरों ने शनिवार देर शाम व्यापारी के बंद मकान के ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। चोरों ने चार लाख रुपये और लाखों के आभूषण सहित कीमती सामान चोरी कर लिया। मौके पर पहुंची एएसपी अनुकृति शर्मा ने फोरेंसिक टीम बुलाकर जांच कराई और आसपास का सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लिया है। पीड़ित ने अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
होली चौक बाजार के निकट ब्राह्मणपुरी कालोनी निवासी निपुण अग्रवाल ने तहरीर देकर बताया कि शनिवार देर शाम उनके मामा ने घर के पास स्थित विष्णु प्यारी धर्मशाला में सुंदरकांड का आयोजन कराया था। निपुण अग्रवाल परिवार के साथ सुंदरकांड में शामिल होने गए थे। देर शाम करीब साढे नौ बजे उनके पिता नरेश अग्रवाल घर लौटे तो मुख्य दरवाजे का ताला खुला था और अंदर कमरों में लगे ताले भी टूटे पड़े थे। पीड़ित ने जांच पड़ताल की तो करीब चार लाख रुपये की नकदी और लाखों रुपये के आभूषण और कीमती सामान चोरों ने साफ कर दिया था। इसकी सूचना उन्होंने अपने परिजनों व पुलिस को दी। मौके पर पहुंची एएसपी अनुकृति शर्मा ने मामले की जांच पड़ताल की और फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए हैं। एएसपी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की शिनाख्त करने का प्रयास किया जा रहा है, जल्द ही चोरी की घटना का राजफाश कर दिया जाएगा।