अनूपशहर। कोतवाली क्षेत्र के गांव श्यौरामपुर में ससुराल आए युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने मृतक की पत्नी समेत ससुराल पक्ष के पांच लोगों पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है।
जनपद गाजियाबाद के खोड़ा थाना क्षेत्र के प्रकाश नगर निवासी डिप्टीशरण ने कोर्ट के आदेश पर दर्ज रिपोर्ट में बताया कि उनका बेटा पंकज 17 जनवरी 2026 को अनूपशहर कोतवाली क्षेत्र के गांव श्यौरामपुर स्थित अपनी ससुराल में गोद भराई कार्यक्रम में शामिल होने आया था।
19 जनवरी की शाम पंकज की साली ने फोन कर उसके सड़क दुर्घटना में घायल होने की सूचना दी। सूचना पर वह परिवार के लोगों के साथ श्यौरामपुर पहुंचे तो वहां पंकज का शव मिला। डिप्टीशरण ने आरोप लगाया कि उनके बेटे की मौत सड़क हादसे में नहीं हुई बल्कि उसकी पत्नी और ससुराल पक्ष के लोगों ने साजिश के तहत उसकी हत्या की है। बताया कि पुलिस के कार्रवाई नहीं करने पर उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई को न्यायालय में याचिका दायर की थी। क्षेत्राधिकारी शशांक श्रीवास्तव ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर मृतक की पत्नी अंजली, उसके सालों आकाश, विकास और कन्हैया तथा सनी के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस घटना की गहनता से जांच कर रही है। जांच के दौरान प्रकाश में आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।