नरौरा। इरिगेशन पब्लिक स्कूल के बैंक खाते से करीब दस वर्ष पहले 11 लाख रुपये के गबन के मामले में सिंचाई विभाग के तत्कालीन एसडीओ अजय कुमार यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। अजय कुमार यादव स्कूल के पदेन प्रबंधक थे। वही स्कूल के बैंक खाते का संचालन कर रहे थे। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
नरौरा में सिंचाई विभाग की ओर से इरिगेशन पब्लिक स्कूल संचालित किया जा रहा है। स्कूल की देखरेख सिंचाई विभाग के स्थानीय अधिकारी करते हैं। सिंचाई विभाग हेड वर्क्स के सहायक अभियंता स्कूल के पदेन प्रबंधक होते हैं। लगभग दस वर्ष पहले स्कूल के खाते का संचालन केवल प्रबंधक के हाथ में ही था। अब प्रबंधक के साथ प्रधानाचार्य भी बैंक खाते का संचालन करते हैं। सिंचाई हेड वर्क्स नरौरा के एसडीओ अंकित सिंह ने थाने में तहरीर देकर बताया कि विभाग के तत्कालीन एसडीओ एवं स्कूल के पदेन प्रबंधक अजय कुमार यादव ने एक जुलाई 2012 से मई 2013 तक एसबीआई की नरौरा शाखा से स्कूल के बैंक खाते से 11 लाख रुपये निकाले और इस धनराशि का स्कूल में किसी भी प्रकार का कोई कार्य नहीं कराया। मामले की जानकारी होने के बाद इस प्रकरण में जांच बैठाई गई थी। कई साल चली जांच में आरोप सही पाए गए। अब शासन की संस्तुति के बाद मामले में एफआईआर दर्ज कराई गई है। नरौरा थाना प्रभारी ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आगे आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।