पहासू। थाना क्षेत्र निवासी महिला ने छेड़छाड़ करने के आरोप में चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। मामले में पुलिस अभी जांच कर रही है। महिला इस संबंध में पहले भी शिकायत कर चुकी थी लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।
एक गांव निवासी पीड़ित महिला का कहना है कि उसके पति दूसरे जनपद में चालक की नौकरी करते हैं। इसी के चलते करीब दस से 15 दिन में घर आते हैं। पीड़िता के गांव के कुछ लोग उसको बार-बार परेशान करते हैं। वहीं आते-जाते छेड़छाड़ भी करते हैं। आरोप है कि अब आरोपियों को उसका मोबाइल नंबर मिल गया, जिस पर आरोपी बिना किसी वजह के फोन करते हैं। जबरन शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बना रहे हैं। पीड़िता ने फोन नहीं करने को कहा तो आरोपी अब जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। पीड़िता का कहना है कि उसने इस मामले की शिकायत पहासू थाने में की, जिस पर कोई सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद पीड़िता ने सीओ कार्यालय में तहरीर दी।
सीओ शिकारपुर वीपी सिंह का कहना है कि मामले में नामजद आरोपियों के खिलाफ यौन शोषण और धमकी देने की धारा में मुकदमा दर्ज किया गया है। थाना पुलिस टीम जांच के बाद आरोपियों को गिरफ्तार करेगी।