संवाद न्यूज एजेंसी
बुलंदशहर। नगर के मोहल्ला साठा में वार्ड 22 के विजयी सभासद प्रत्याशी व उसके समर्थकों के खिलाफ भी पुलिस ने आचार संहिता उल्लंघन का मामला दर्ज किया है। उन्होंने बिना अनुमति मतगणना स्थल से साठा तक विजयी जुलूस निकाला। उसी दौरान हारे हुए भाजपा प्रत्याशी पक्ष से विवाद और बवाल हुआ। पुलिस ने नवनिर्वाचित सभासद समेत नौ नामजद व करीब 30 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
मामन चौकी प्रभारी मोहसीन अहमद ने नगर कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वार्ड 22 से निर्दलीय प्रत्याशी जितेंद्र उर्फ जीतू ने जीत हासिल की। मतगणना के बाद उन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर मतगणना स्थल से मोहल्ला साठा तक अभिवादन व विजयी जुलूस निकाला। इस दौरान दर्जनों लोग पैदल व बाइक पर सवार होकर निकले। जिससे मार्ग में अवरूद्ध पैदा हुआ। साथ ही इनके द्वारा जुलूस निकालने की अनुमति भी नहीं ली गई थी। साथ ही सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें भी लग गईं। मामले में चौकी इंचार्ज की तहरीर पर नगर कोतवाली पुलिस ने आरोपी सभासद जितेंद्र उर्फ जीतू, राजू, अमित, राम, वीरेंद्र लोधी, सुनील सैन, शनि भटनागर, मोहित, सुमित समेत करीब 30 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। नगर कोतवाल ने बताया कि आचार संहिता उल्लंघन मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच की जा रही है। जांच के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।