दोस्त से दिवाली पर मिलने गए थे डिंपल
गौतमबुद्धनगर जनपद के रबूपुरा थाना क्षेत्र स्थित म्याना गांव निवासी नानक ने बताया कि उनके चचेरे भाई डिंपल (24) कार में सवार होकर शुक्रवार रात को सौंदा हबीबपुर अपने दोस्त कृष्णा से दिवाली पर मिलने गए थे। उनके साथ गांव में रहने वाला शिवा भी गया था। शुक्रवार रात को वह दोस्त से मिलने के बाद कृष्णा व ओमवीर को साथ लेकर बाहर घूमने चले गए।
सड़क पर पलटी कार
शनिवार सुबह करीब चार बजे जब चारों खुर्जा में एनएच-34 पर अगवाल अंडरपास के पास पहुंचे। तभी अज्ञात कारणों से उनकी कार अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से टकरा गई। इसके बाद कार सड़क पर पलट गई, जिसमें चारों गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने हादसे की सूचना परिजन व पुलिस को दी।
नोएडा में एडमिट थे डिंपल
सूचना पर सौंदा हबीबपुर और रबूपुरा के म्याना गांव से परिजन जटिया अस्पताल पहुंच गए। हालत गंभीर होने पर घायलों को हायर सेंटर रेफर किया गया। ऐसे में कृष्णा और ओमवीर को मेरठ मेडिकल में भर्ती कराया गया। शिवा और डिंपल को नोएडा के अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां शनिवार दोपहर को उपचार के दौरान डिंपल ने दम तोड़ दिया।
जांच में जुटी पुलिस
इसके अलावा गंभीर हालत में शिवा को दिल्ली के अस्पताल में रेफर किया गया। खुर्जा देहात थाना प्रभारी ने बताया कि नोएडा पुलिस ने पोस्टमार्टम जांच के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। मामले में हादसे के कारणों की सही जानकारी की जा रही है।