जहांगीराबाद क्षेत्र के गांव पूठा के समीप तेज रफ्तार से कार ने दो बाइकों को टक्कर मार दी। जिसमें बाइकों पर सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई और तीन गंभीर रूप से घायल हो गए। जिनको उपचार के लिए मेरठ मेडिकल रेफर किया गया है।
थाना जहांगीराबाद क्षेत्र की अमरगढ़ पुलिस चौकी क्षेत्र के गांव पूठा के निकट रविवार की सुबह तेज रफ्तार कार ने दो बाइकों को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से एक बाइक पर सवार हर्षवर्धन 45 वर्ष पुत्र पूरन निवासी मोहल्ला जटियान कस्बा जहांगीराबाद की मौके पर ही मौत हो गई। उसका साथी शाहिद पुत्र शमशाद मोहल्ला पाठक जहांगीराबाद गंभीर रूप से घायल हो गया। दूसरी बाइक पर सवार थाना नरसेना क्षेत्र के गांव पाली आनंदगड़ी निवासी किरन पाल 45 वर्ष पुत्र थान सिंह और उसका साथी रविंद्र पुत्र वीर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए जहांगीराबाद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया। जहां से चिकित्सकों ने गंभीर हालत को देखते हुए मेरठ मेडिकल के लिए रेफर कर दिया है। घटना के बाद कार भी सड़क किनारे गड्ढे में भरे पानी में जा गिरी और घटना को अंजाम देकर कार चालक मौके से फरार हो। पुलिस का कहना है कि कार ने दो बाइकों को टक्कर मारी है। जिसमें तीन लोग घायल हुए हैं और एक की मौत हो गई है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है । तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।