गाव सिद्धपुर निवासी गजेंद्र ने बताया कि मेरे मामा अलीगढ़ जिले के थाना जवा क्षेत्र के गांव हैबतपुर निवासी सतीश 40 पुत्र कल्याण लोध राजपूत रविवार देर रात स्पलेंडर बाइक से अनूपशहर जा रहे थे। बाइक पर उनकी 17 वर्षीय बेटी मुस्कान और 14 वर्षीय भतीजी दीक्षा भी सवार थीं। तीनों थाना छतारी क्षेत्र के गांव सिद्धपुर नंगला में रिश्तेदारो से मिलने के बाद अनूपशहर की ओर जा रहे थे।
बताया गया कि नारायणपुर बिजलीघर के पास पहुंचते ही सामने से आए तेज रफ्तार अज्ञात चार पहिया वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
राहगीरों और स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से तीनों घायलों को दानपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने सतीश और उनकी बेटी मुस्कान को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल दीक्षा का उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और दोनों शवों का पंचायतनामा भरकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और वे रोते-बिलखते अस्पताल पहुंच गए। थाना प्रभारी नरेंद्र सने बताया कि पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी है।