खुर्जा। क्षेत्र में स्थित अगवाल कट के पास शुक्रवार शाम को पैदल सड़क पार कर रहे तीन मजूदरोंं को कार ने टक्कर मार दी। इसमें तीनों मजदूर घायल हो गए, जिसमें एक की हालत गंभीर है। वहीं आरोपी चालक कार लेकर मौके से फरार हो गया।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि अलीगढ़ के हरदुआगंज निवासी प्रेम सिंह, सुनहरी देवी और नगर के पंजाबियन मोहल्ला निवासी रफीक अगवाल फाटक के पास एक फैक्ट्री में मजदूरी करते हैं। शुक्रवार की देर शाम तीनों ही मजदूरी करके पैदल खुर्जा वापस आ रहे थे। जैसे ही वह अगवाल तिराहे के निकट पहुंचे तभी पीछे से तेज गति से आ रही कार ने मजदूरों को टक्कर मार दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को नगर के जटिया अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने रफीक की गंभीर हालत देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। पीड़ित पक्ष की तरफ से अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर आने पर कार्रवाई की जाएगी।