किसानों का चीनी मिलों द्वारा बकाया गन्ना भुगतान नहीं होने पर भाकियू (अराजनैतिक) के कार्यकर्ता बुलंदशहर रेलवे स्टेशन पर पहुंच गए। किसानों द्वारा रेल रोकने की सूचना मिलते ही स्टेशन छावनी में तबदील हो गया। किसान नेताओं के नेतृत्व में पहले कानपुर-ऊधमपुर 14155 को स्टेशन पर पहुंचने से पहले ही रोक दिया। यह ट्रेन करीब छह मिनट रोकी गई।
इसके बाद किसानों ने दो पैसेंजर ट्रेनों को करीब 20 मिनट तक रोके रखा। हालांकि, यात्रियों को किसी तरह की परेशानी नहीं हुई, मगर जब तक किसान स्टेशन पर रहे, तब तक अफसरों के पसीने छूटते रहे। भाकियू ने चेतावनी दी है कि पांच अगस्त तक यदि बकाया गन्ने का भुगतान नहीं हुआ तो उसके बाद जिले के गांवों से गुजर रही रेलवे लाइनों को उखाड़ दिया जाएगा।
भाकियू के प्रदेश सचिव मांगेराम के नेतृत्व में कार्यकर्ता और किसान 12.30 बजे स्टेशन पर एकत्रित हुए। रेल रोकने की सूचना मिलते ही सदर एसडीएम लालता प्रसाद शाक्य, सीओ सिटी हिमांशु गौरव और नगर कोतवाल आरके सिंह पुलिस बल के साथ स्टेशन पर पहुंच गए।
उधर आरपीएफ और जीआरपी पहले ही तैनात थी। इस मौके पर जिलाध्यक्ष कैप्टन बिशन सिंह और जिलामंत्री सुशील शर्मा, योगेंद्र वर्मा, प्रकाश गुर्जर, बिजेंद्र पसौली, मुखबिर, डॉ. अब्दुल, विपिन चौधरी, सुरेश पाल फौजी, रामनाथ सिंह, गुलवीर, जसवंत सिंह, पंकज शर्मा, मोनू त्यागी, अमित गुर्जर मौजूद रहे।