बुलंदशहर। जिले से पुलिस भर्ती परीक्षा देने जाने वाले अभ्यर्थियों के लिए उप्र परिवहन निगम की बसों में पांच दिन निशुल्क यात्रा का लाभ दिया जाएगा। वहीं, अन्य जिलों से आने वाले अभ्यर्थी भी निशुल्क यात्रा का लाभ ले सकेंगे। इसके लिए अभ्यर्थियों को परीक्षा के दिन अपने प्रवेश पत्र की छायाप्रति चालक को देनी होगी। यात्रा के समय अभ्यर्थी प्रवेश पत्र की दो से अधिक छायाप्रति साथ लेकर चलें। जनपद समेत प्रदेशभर में 23, 24, 25, 30 व 31 अगस्त को पुलिस भर्ती परीक्षा आयोजित होगी। जिले में जहां अन्य जनपदों के अभ्यर्थियों का परीक्षा केंद्र बना है तो वहीं, जिले के अभ्यर्थी अन्य जनपदों में परीक्षा देने को रवाना होंगे। एआरएम परमानंद ने बताया कि पुलिस भर्ती परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों को निगम की बसों में निशुल्क यात्रा का लाभ मिलेगा। इसके लिए अभ्यर्थियों को परीक्षा के प्रवेश पत्र की छायाप्रति परिचालक को देनी होगी। यह सुविधा परीक्षा शुरु होने से पूर्व व परीक्षा संपन्न होने के बाद मिलेगी। प्रवेश पत्र की छायाप्रति के साथ आधार कार्ड भी दिखाना होगा। संवाद