ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत सदस्यों के लिए पहले चरण में होने वाले चुनाव
के लिए चारों ब्लॉकों में नामांकन के आखरी दिन मारामारी मची रही।
निर्धारित वक्त से घंटों बाद तक प्रत्याशी नामांकन फार्म जमा कराते रहे। कई जगह जल्द नामांकन लेने के लिए शोर शराबा भी हुआ।
27 नवंबर को होने वाले पहले चरण के चुनाव के लिए सोमवार और मंगलवार को नामांकन हुए।
सोमवार को वक्त से ही कर्मचारियों ने दफ्तर बंद कर दिया।
मंगलवार को आखिरी दिन होने के कारण पर्चे भरने के लिए मारामारी मची रही।
दोपहर बाद आवेदन करने वालों की भीड़ ज्यादा हो गई।
नामांकन
प्रक्रिया में लगे कर्मचारियों ने पहले तय समय में ही पर्चे दाखिल करने की
बात कही, बाद में भीड़ अधिक होने और विरोध के डर से सभी के पर्चे दाखिल
करने का चारों ब्लॉक पर एलान किया गया।
नतीजा यह हुआ कि तय वक्त से काफी देर बाद तक नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया चली।
विकास
खंड बीबीनगर में अंतिम दिन 34 ग्राम सभाओं के चुनाव में प्रधान पद के 220
और ग्राम पंचायत सदस्य पद के करीब 426 आवेदन दाखिल किए गए।
शाम चार बजे के बाद तक भी प्रधान पद के प्रत्याशियों की फार्म जमा करने को जद्दोजहद चली।
रिटर्निंग अधिकारी आरकेएस सुमन ने बताया नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रत्याशियों के फार्मों की जांच की जाएगी।
वहीं, स्याना ब्लॉक में भी तय समय से बाद तक नामांकन किए गए।
स्याना में प्रधान पद के लिए 123 और सदस्यों के लिए 503 ने नामांकन किया।
इसी तरह ऊंचागांव में प्रधान पद के लिए 256 और सदस्य के लिए 627 ने नामांकन किया।
यहां पर सवा सात बजे तक पर्चे भरे गए।
इसी तरह औरंगाबाद ब्लॉक में प्रधान पद के लिए 215 और सदस्य पदों के लिए 480 लोगों ने सवा सात बजे तक नामांकन किए।