बुलंदशहर। शिवरात्रि नजदीक आते ही गंगाजल लेकर आने वाले शिवभक्तों की संख्या बढ़ती जा रही है। स्वास्थ्य विभाग भी शिवभक्तों को स्वास्थ्य सेवाएं देने में जुटा है। सोमवार से 23 जुलाई तक जिले के आठ बड़े मंदिर समेत 67 स्थानों पर स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे।
वहीं, गंगा घाटों पर लगने वाले मेले की समाप्ति तक एंबुलेंस, जीवनरक्षक दवाएं और चिकित्सकों की टीम प्रसिद्ध शिवालयों में मौजूद रहेंगी। इसके साथ ही जिला अस्पताल समेत अन्य सरकारी चिकित्सालयों में बेड आरक्षित रखे गए हैं।
सीएमओ डॉ. सुनील कुमार दोहरे ने बताया कि सभी चिकित्सा प्रभारियों को निर्देश दिए जा चुके हैं। किसी भी तरह की घटना की जानकारी मिलने पर चिकित्सक तत्काल मौके पर पहुंचेंगे। वहीं, मंदिर और मुख्य मार्गों से सटे चिकित्सालयों में ओपीडी से लेकर इमरजेंसी सेवाएं देने को लेकर व्यवस्था की गई है।
जिला अस्पताल में 10 बेड, संयुक्त चिकित्सालय सिकंदराबाद, जटिया चिकित्सालय खुर्जा और समस्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर पांच-पांच बेड आरक्षित किए गए हैं।