कलक्ट्रैट में अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे भाकियू कार्यकर्ता व किसान। संवाद
बुलंदशहर। समस्याओं को लेकर किसानों ने कलक्ट्रेट में डेरा डाल लिया। उनकी चेतावनी है कि मांग पूरी न होने पर धरना अनिश्चितकालीन जारी रहेगा। उन्होंने धरना स्थल पर खाना बनाया और रात भी काटी। समस्या दूर न होने व मांग पूरी न होने पर किसानों में रोष देखने को मिला।
भारतीय किसान यूनियन अराजनीतिक के जिला संरक्षक चौधरी कुलदीप गुड्डू ने बताया कि ग्रीन लिंक गंगा एक्सप्रेसवे, जो फिल्म सिटी नोएडा गौतमबुद्धनगर से लेकर गंगा एक्सप्रेसवे तक बनाया जाना है। किसानों की मांग है कि एक तो इस एक्सप्रेसवे के लिए अधिग्रहित होने वाली जमीन का सर्कल रेट 20 फीसदी बढ़ाया जाए। इस एक्सप्रेसवे से तहसील खुर्जा और शिकारपुर मार्ग पर उतरने व चढ़ने के लिए रास्ता दिया जाए। इस मांग को उठाने के बाद भी आज तक पूरा नहीं किया गया।
ब्लॉक पर कार्यकर्ता प्रदीप कुमार पर दर्ज मुकदमा समाप्त हो और एडीओ पंचायत के खिलाफ कार्रवाई हो। ब्लॉक अनूपशहर में गांव बेगमपुर जयरामपुर निवासी कार्यकर्ता नरेंद्र कुमार आदि पर दर्ज मुकदमा वापस किया जाए व दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो। गांव याकूबपुर में अन्नपूर्णा राशन की दुकान को श्मशान घाट के पास बनाया जा रहा है, जिसकी जगह बदली जाए। जिले में प्रदूषण बढ़ रहा है और हमारी मांग है कि जनपद में बिना एनओसी चल रहे भट्ठा व फैक्टरी आदि को बद कर उन पर कार्रवाई की जाए।
कई फैक्टरी पानी को भी दूषित कर रही हैं। इन पर रोक लगाई जाए समेत किसानों की अन्य मांग शामिल हैं। इनको दूर होने के बाद भी धरना समस्त किया जाएगा। धरने पर जिला प्रभारी धर्मवीर सिंह गुड्डू, जिला अध्यक्ष शैलू ठाकुर, युवा जिला अध्यक्ष प्रदीप कुमार, डॉ. नईम, धीरज चौहान, सुदेश प्रधान, जितेंद्र चाहर, इस्तकार खान, नरेंद्र राव मोहन और चौधरी संजय आदि कार्यकर्ता शामिल रहे।