बुलंदशहर। दूध से लेकर दाल और मसालों समेत कई खाद्य पदार्थों में मिलावट मिली है। खाद्य सुरक्षा विभाग ने सितंबर में जांच के लिए 47 नमूने भेजे थे। सबसे अधिक दूध के 13 नमूने अधोमानक पाए गए हैं। जांच रिपोर्ट के मुताबिक दूध में जरूरी कैल्शियम और फैट नहीं मिला। मसाले और दाल में रंग मिला है। इन खाद्य पदार्थों की बिक्री करने वाले व्यापारियों के खिलाफ नोटिस जारी किए हैं।
सितंबर माह में 47 खाद्य पदार्थों के नमूने की जांच के लिए भेजे थे। इसमें दूध, खोया, मसाले, दलहन और मिठाई के नमूने अधोमानक पाए गए। जांच रिपोर्ट के मुताबिक घी के चार समेत कुल नौ खाद्य पदार्थों के नमूने असुरक्षित पाए गए हैं। घी में रिफाइंड मिले होने की पुष्टि हुई है। इसे खाने योग्य नहीं माना गया है। दाल और मसालों में हानिकारक रंग के साथ अन्य प्रकार के केमिकल मिलाए गए थे।
नगर के मऊखेड़ा फाटक के पास संचालित हो रही बेकरी से लिए गए अंडे समेत अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने भी जांच में खरे नहीं उतरे हैं। विभाग की ओर से सितंबर में कार्रवाई करते हुए बेकरी में रखे करीब 15 हजार अंडे नष्ट कराए थे। अधिकारियों की जांच के दौरान मौके से पांच अलग-अलग नाम से पेपर बरामद हुए थे, जिन्हें केक, रस्क समेत अन्य सामान में लगाया जा रहा था। जिसके चलते टीम ने मौके से केक, रस्क, अंडे, ग्लूकोज पाउडर, क्रीम व अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे थे।
नवंबर में 39 नमूने जांच के लिए भेजे
नवंबर में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जिले में कुल 23 स्थानों पर कार्रवाई करते हुए दूध के सात समेत कुल 39 नमूने जांच के लिए भेजे हैं। इनमें पनीर, मिठाई, वनस्पति, मसाले, दलहन का एक-एक नमूने शामिल हैं। इन नमूनों की जांच रिपोर्ट आने में करीब दो माह का समय लग जाएगा। वहीं, विभाग की ओर से इस साल अभी तक 279 स्थानों पर कार्रवाई करते हुए 436 खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे हैं। इनमें से 144 अधोमानक, 13 मिथ्याछाप और 53 असुरक्षित पाए गए हैं।
केमिकल से दूध बनाने का हो चुका भंडाफोड़
जिले में बड़े पैमाने पर मिलावटी दूध, पनीर और घी बनाने का खेल का भंडाफोड़ हो चुका है। हाल में केमिकल से नकली दूध बनाने का खुलासा हुआ था। आरोपी व्यापारी को गिरफ्तार करते हुए उसके पांच गोदाम सीज किए गए थे। सीज किए गए गोदाम में एक्सपायर केमिकल, सिंथेटिक फैट, सॉर्बिटोल समेत अन्य प्रकार के केमिकल बरामद हुए थे। इसके अलावा अगौरा गांव में नकली पनीर बनाने वाले तीन आरोपियों का पुलिस ने शांति भंग की धाराओं में चालान किया था।
I47 नमूनों की जांच रिपोर्ट प्राप्त हुई है। जिनमें से नौ नमूने असुरक्षित आए हैं। सभी व्यापारियों के खिलाफ नोटिस जारी किए गए हैं। जल्द ही सभी के खिलाफ कोर्ट में वाद दायर कराया जाएगा। - विनीत कुमार, सहायक आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासनI