ताल ठोकने लगे उपचुनाव के संभावित उम्मीदवार
बुलंदशहर। सदर सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर सभी राजनीतिक दल अपनी अपनी तैयारियों में जुट गए हैं। संभावित प्रत्याशियों ने वोटरों को रिझाने के लिए बैठक और कार्यक्रमों के बहाने जनसंपर्क भी शुरू कर दिया है। प्रत्याशी गांव गांव जाकर अपनी पार्टी की उपलब्धियों और नीतियों के बारे में वोटरों को बता रहे हैं।
बता दें कि सदर सीट से भाजपा विधायक विरेंद्र सिंह सिरोही के निधन के बाद यह सीट रिक्त चल रही है। प्रदेश में बुलंदशहर सदर सीट सहित 8 सीटों पर उपचुनाव होना है। चुनाव को लेकर भाजपा कांग्रेस सपा रालोद बसपा के अलावा आम आदमी पार्टी भी प्रत्याशी उतारने के मूड में है। चुनाव को लेकर भले ही अभी तिथि घोषित नहीं हुई उसके बावजूद राजनीतिक दलों ने अपनी अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। भाजपा में कई प्रत्याशी टिकट पाने की जोर आजमाइश कर रहे हैं। सपा में भी टिकट पाने की जोड़तोड़ शुरू हो गई है। इस बार बसपा भी सभी सीटों पर उपचुनाव में अपने प्रत्याशी उतारेगी। राष्ट्रीय लोक दल भी सदर सीट को अपने पाले में रखने के लिए जुगत लगा रही है। भाजपा जिला अध्यक्ष अनिल सिसौदिया ने बताया कि उपचुनाव के लिए हाईकमान के जो भी आदेश होंगे उसका पालन किया जाएगा। भाजपा दमदार तरीके से चुनाव लड़ेगी और जीत का परचम लहराएगी। कांग्रेस हाईकमान ने सदर सीट पर प्रत्याशियों के आवेदन प्राप्त करने के लिए कमेटी का गठन कर दिया है। कमेटी में वरिष्ठ कांग्रेसी जिले में आकर प्रत्याशियों के आवेदन लेंगे। सपा जिला अध्यक्ष अमजद अली गुड्डू ने बताया की बूथ कमेटियों का गठन कर दिया गया है और गांव गांव जाकर जनसंपर्क किया जा रहा है। रालोद जिलाध्यक्ष आसिफ गाजी ने बताया कि आने वाली 20 तारीख को उपचुनाव को लेकर एक बैठक का आयोजन किया जाएगा जिसमें प्रदेश महामंत्री व जिले के चुनाव प्रभारी डॉ राजकुमार सांगवान कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर उपचुनाव को लेकर चर्चा करेंगे। उधर बसपा ने भी अपनी तैयारियां शुरू कर दीं हैं।