बुलंदशहर। गन्ना किसानों की मांगों को लेकर भारतीय किसान यूनियन चढ़ूनी का धरना रविवार को चौथे दिन भी जिला गन्ना अधिकारी कार्यालय पर जारी रहा। धरने की अध्यक्षता जिला महासचिव रघुबीर सिंह ने की। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने किसानों की मांगों को लेकर भागीदारी की। किसानों ने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं हो जातीं, तब तक धरना जारी रहेगा। उनकी मांगों में गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल करना शामिल है। वे चीनी मिलों पर बकाया गन्ना मूल्य का जल्द भुगतान चाहते हैं। साथ ही, भुगतान में देरी की अवधि का नियमानुसार बकाया ब्याज भी दिए जाने की मांग की गई। धरने में राष्ट्रीय सचिव सोनपाल सिंह चौहान, सूबे सिंह डागर, संजू मास्टर, जिलाध्यक्ष सुनील लोधी, देवेंद्र लोधी, निरोत्तम, यशपाल, राजकुमार, वकील अहमद, प्रमोद सोलंकी, नरेश कुमार और रहमान मौजूद रहे।