बुलंदशहर/अनूपशहर। डिबाई, अनूपशहर, स्याना क्षेत्र के हजारों लोगों के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर है। क्षेत्र को मेरठ से जोड़ने वाले प्रमुख मार्ग यानी गंग नहर पट्टी के दिन अब पूरी तरह बदलने वाले हैं। शासन ने नहर पटरी के मखैना से स्याना की ओर करीब 18 किलोमीटर मार्ग के चौड़ीकरण की तैयारी शुरू कर दी है। पूर्व में मखैना से हीरापुर तक करीब 14 किलोमीटर मार्ग के चौड़ीकरण का कार्य प्रगति पर है। दूसरे चरण में मखैना से स्याना की ओर होने वाले करीब 18 किलोमीटर मार्ग के चौड़ीकरण पर 33 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
इस मिनी बाईपास के चौड़ीकरण से क्षेत्र के हजारों वाहन चालकों को न केवल रोजाना के ट्रैफिक जाम से मुक्ति मिलेगी, बल्कि अनूपशहर से मेरठ की ओर आने-जाने वाले लोगों का सफर भी सुगम, सुचारू और सुरक्षित हो जाएगा। विधायक संजय शर्मा ने बताया कि क्षेत्र की जनता लंबे समय से इस मार्ग को चौड़ा करने की मांग कर रही थी, क्योंकि रास्ता संकरा होने के कारण यहां आए दिन हादसे और जाम की स्थिति बनी रहती थी। जनता की इस बड़ी समस्या को देखते हुए उन्होंने शासन के मार्ग के चौड़ीकरण के लिए लोकनिर्माण विभाग के माध्यम से प्रस्ताव भेजा था। इस पूरी परियोजना को रफ्तार देने और यातायात को सुचारू रखने के लिए लोक निर्माण विभाग करीब 32 किलोमीटर मार्ग के निर्माण को दो चरणों में पूरा करेगा। प्रथम चरण में डिबाई विधानसभा के गांव हीरापुर से लेकर गांव मखैना तक की नहर पट्टी को शामिल किया गया है, जिसकी कुल लंबाई करीब 14 किलोमीटर है।
लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन राहुल शर्मा ने बताया कि पहले चरण में होने वाले सड़क का चौड़ीकरण का कार्य प्रगति पर है। काम बेहद तेजी से चल रहा है और जल्द ही चौड़ीकरण के कार्य को पूरा कर लिया जाएगा। वहीं, परियोजना का दूसरा हिस्सा मखैना गांव से शुरू होकर सिहाली तक जाएगा। जिसकी दूरी करीब 18 किलोमीटर है। इसके लिए शासन से बजट स्वीकृत हो चुका है। चौड़ीकरण के कार्य को शुरू करने के लिए वन विभाग समेत अन्य विभागों से अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त करने की प्रक्रिया चल रही है। अनापत्ति प्रमाण पत्र मिलने के साथ ही सड़क के चौड़ीकरण का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। वर्तमान में नहर की पटरी बेहद संकरी है और इसकी चौड़ाई महज तीन मीटर यानी सिंगल लेन है। इस कारण सामने से बड़ी गाड़ी या ट्रैक्टर-ट्रॉली आने पर दोनों तरफ वाहनों के पहिए थम जाते थे और जाम लग जाता है। वाहनों के नहर की पटरी से नीचे भी उतरने का डर बना रहता था। चौड़ीकरण के बाद वाहन भी बिना किसी बाधा के एक-दूसरे को ओवरटेक कर सकेंगे और राहगीर बिना किसी डर के फर्राटा भर सकेंगे।
क्षेत्र को मेरठ से जोड़ता नहर मार्ग
गंग नहर पटरी मार्ग डिबाई, अनूपशहर, अहार, ऊंचागांव, नरसेना व स्याना क्षेत्र को मेरठ से जोड़ता है। यह स्याना से होते हुए गढ़ से मेरठ को जोड़ता है। क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोग कार्य के लिए मेरठ जाते हैं। अनूपशहर से स्याना जाने वाले लोग भी अब सीधे नहर की पटरी से होते हुए स्याना पहुंच जाएंगे। नहर मार्ग के चौड़ीकरण से डिबाई, अनूपशहर, स्याना आदि क्षेत्र के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। वहीं, शिवरात्रि पर जलाभिषेक करने के लिए गढ़मुक्तेश्वर से गंगा जल लेकर आने वाले शिव भक्तों को भी इसका लाभ मिलेगा। वह सीधे नहर पटरी मार्ग से गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।
राहुल शर्मा एक्सईएन एवं नोडल अधिकारी लोक निर्माण विभाग का कहना है कि गंग नहर की पटरी का चौड़ीकरण दो चरणों में किया जाएगा। पहले चरण में मक्खैना से हीरापुर तक चौड़ीकरण का कार्य प्रगति पर है। दूसरे चरण में मक्खैना से स्याना की ओर करीब 18 किलोमीटर मार्ग के चौड़ीकरण के लिए वन विभाग समेत अन्य विभागों से अनापत्ति प्रमाण पत्र लेने की प्रक्रिया चल रही है। अनापत्ति प्रमाण पत्र मिलने के साथ ही चौड़ीकरण का कार्य शुरू कर दिया है। इसके लिए 33 करोड़ रुपये का बजट आवंटित हो चुका है।