गोवंश की मौत के मामले में ग्राम प्रधान और सचिव पर रिपोर्ट दर्ज
चोला। गोशाला में गोवंश की मौत के मामले में एडीओ पंचायत ने ग्राम प्रधान के खिलाफ कोतवाली देहात में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
एडीओ पंचायत सुभाष सिंह ने बताया कि छुट्टा गोवंशों के आश्रय के लिए चोला में अस्थाई गोशाला संचालित है। 13 नवंबर की रात में गोशाला में गोवंश की मौत हो गई थी। मृत गोवंश का समय से निस्तारण नहीं किया गया। ग्रामीणों के शिकायत करने पर मामला संज्ञान में आया। जांच के दौरान पाया गया कि ग्राम प्रधान द्वारा गोशाला में कोई केयर टेकर नहीं रखा गया है। ग्राम पंचायत में कार्यरत सफाई कर्मी सुखपाल सिंह द्वारा आंशिक रूप से गोशाला का कार्य देखा जाता है, जिसके चलते अव्यवस्थाएं है। बताया कि खंड विकास अधिकारी द्वारा गोवंशों के भरण पोषण के लिए विभिन्न तिथियों में 1,77,300 रुपये की राशि दी गई। उसके उपरांत भी गोशाला में भूसा स्टाक में नहीं पाया गया। चारे के स्थान पर गोवंशों को धान की पुआल खिलाई जा रही थी। गोशाला के संचालन में ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत सचिव पंकज कुमार द्वारा लापरवाही बरती जा रही थी। कोतवाली देहात निरीक्षक ने बताया कि एडीओ पंचायत की तहरीर पर ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत सचिव के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई।