वृंदावन गए थे अधिवक्ता, चोरों ने किया घर साफ
बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र में बंद मकानों और दुकानों के ताले तोड़कर चोरी के मामलों को रोक पाना पुलिस के लिए चुनौती साबित हो रहा है। वहीं, अब चोरों ने एक अधिवक्ता के घर के ताले तोड़कर लाखों रुपये की नकदी व जेवरात चोरी कर लिए। वारदात के वक्त पीड़ित अधिवक्ता परिवार के साथ वृंदावन गया हुआ था। मामले में पीड़ित ने तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।
नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला शिवपुरी कालोनी निवासी अधिवक्ता शैलेंद्र कौशिक ने तहरीर देकर बताया कि वह परिवार के साथ शनिवार की सुबह वृंदावन नंदलाल के दर्शन करने के लिए गए थे। इस दौरान वह घर पर ताला लगाकर गए थे। देर रात करीब 11 बजे वह वृंदावन से लौटकर अपने घर पहुंचे। घर के मुख्य द्वार पर लगा हुआ ताला टूटा हुआ देख उनके होश उड़ गए। ताला टूटा हुआ था, लेकिन दरवाजा अंदर से किसी ने बंद किया हुआ था। जिसके बाद उन्होंने घर के पिछले हिस्से में जाकर देखा तो वहां का दरवाजा खुला हुआ था। घर के अंदर जाकर देखा तो अन्य कमरों के ताले भी टूटे हुए थे और अलमारी व अन्य स्थानों पर रखा सामान तितर-बितर हुआ पड़ा था।