विद्यालय भूमि की तारबंदी करा रहे प्रधान को दबंगों ने पीटा
बुलंदशहर। चोला थाना क्षेत्र के एक गांव में कब्जा मुक्त कराई गई प्राथमिक विद्यालय की भूमि की तारबंदी करा रहे ग्राम प्रधान के साथ अवैध कब्जा धारकों ने मारपीट की। बीचबचाव में आए लोगों को भी पीटा।
चौकी क्षेत्र के गांव दाउदपुर ग्राम प्रधान धर्मेंद्र ने तहरीर में बताया कि गांव के प्राथमिक विद्यालय की भूमि पर गांव निवासी तीन युवकों ने अवैध कब्जा कर रखा था। राजस्व टीम ने पुलिस की मौजूद में भूमि को कब्जा मुक्त कराया था। मंगलवार शाम करीब 4.30 बजे वह इस भूमि की तारबंदी करा रहे थे। इसी दौरान पूर्व में अवैध कब्जा धारक तीनों लोग वहां पहुंचे। और उसके साथ गाली गलौच करते हुए मारपीट करने लगे। उक्त लोगों ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया और जान से मारने की धमकी दी। बीचबचाव में आए शिक्षामित्र मनोज कुमार, पन्ना सिंह को भी मारपीट कर घायल कर दिया। चौकी प्रभारी शैलेंद्र सिंह जादौन ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही हैं। जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।