नौकरी लगवाने के नाम पर हड़पे पांच लाख रुपये
बुलंदशहर। देहात कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला यमुनापुरम निवासी युवक से किसी सरकारी विभाग में नौकरी दिलाने के नाम पर 5 लाख रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की नौकरी नहीं लगी तो उसने अपनी रकम वापस मांगी, लेकिन आरोपी ने रकम लौटाने की बजाए उससे अभद्रता करते हुए हत्या की धमकी दी है। मामले में एसएसपी के आदेश पर थाना पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
देहात कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला यमुनापुरम निवासी देवेंद्र सिंह पुत्र महावीर सिंह ने बताया कि वह काफी समय से सरकारी नौकरी के लिए भटक रहा था। उसी समय उसकी मुलाकात कानपुर निवासी एक व्यक्ति के साथ हुई थी। उसने उसे आश्वासन दिया था कि उसका एक परिचित है, उसकी काफी जान पहचान है और वह उसकी किसी भी विभाग में सरकारी नौकरी लगवा देगा। जिसके बाद आरोपी ने उसे शातिर आरोपी से मुलाकात कराई। इस दौरान उक्त आरोपी ने पीड़ित को आश्वासन दिया कि वह उसकी नौकरी लगवा देगा। पीड़ित से एडवांस में आरोपी ने 5 लाख रुपये मांगे। उसने दोनों आरोपियों को पांच लाख रुपये दिसंबर 2019 में दे दिए थे। लेकिन, समय बीतने के बावजूद नौकरी नहीं लगी, जिसके बाद उसे खुद के ठगे जाने की जानकारी हुई। पीड़ित ने इस बाबत आरोपी से अपनी रकम वापस मांगी। जिस पर आरोपी ने उसे रकम लौटाने से इनकार कर दिया। साथ ही उसे रुपयेे मांगने पर अभद्रता करते हुए हत्या की धमकी दी है। उसकी शिकायत पर एसएसपी ने देहात कोतवाली पुलिस को जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।