डिजिटल होगी नगर पालिका की लाइब्रेरी : एसडीएम
सिकंदराबाद। नगर के अंबेडकर पार्क के पीछे स्थित नगर पालिका की लाइब्रेरी पूरी तरह से हाईटेक होगी। लाइब्रेरी में पुस्तकों के अलावा छात्र-छात्राओं को डिजिटल सुविधाएं भी मिलेगी।
बता दें कि 1951 में नगर पालिका नगर में अंबेडकर पार्क के पीछे पब्लिक लाइब्रेरी शुरू की थी। देखरेख के अभाव में करीब 15 साल से यह लाइब्रेरी बंद पड़ी है। छात्र फिर से लाइब्रेरी की मांग कर रहे थे। जिस पर नगर पालिका ने बोर्ड बैठक में लाइब्रेरी को फिर से शुरू कराने का प्रस्ताव पास किया था। एसडीएम रेनू ने बताया कि 20 लाख रुपये की लागत से नगर पालिका की लाइब्रेरी फिर से शुरू की जाएगी। लाइब्रेरी पूरी तरह से हाईटेक होगी। छात्र-छात्राओं को पुस्तकों के अलावा डिजिटल सुविधाएं मिलेंगी। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं के लिए लाइब्रेरी में हर तरह की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। संवाद