मोबाइल लुटेरे गैंग के दो सदस्य गिरफ्तार, सरगना फरार
सिकंदराबाद। पुलिस ने चेकिंग के दौरान मोबाइल लुटेरे गैंग के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि सरगना पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों से चोरी के चार मोबाइल, तमंचा बरामद किया। पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया।
कोतवाल अखिलेश त्रिपाठी ने बताया कि बृहस्पतिवार की रात पुलिस टीम चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक बाइक पर तीन युवक आते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो दो युवक बाइक से कूदकर भागने लगे। भाग रहे दोनों युवकों को पुलिस टीम ने पकड़ लिया, जबकि बाइक सवार एक युवक फरार हो गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम शिवम निवासी जनपद प्रतापगढ़, मनीष तिवारी निवासी जनपद फैजाबाद हाल निवासी सिकंदराबाद औद्योगिक क्षेत्र सरकारी कॉलोनी बताया। फरार होने वाला आरोपी गैंग का सरगना है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी राहगीरों से मोबाइल लूटकर सस्ते दामों में बेच देते हैं। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।