23वें राउंड तक पिछड़ने के बाद लक्ष्मीराज ने मारी बाजी
सिकंदराबाद। विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी ठाकुर लक्ष्मीराज सिंह की जीत पर पार्टी कार्यकर्ताओं, समर्थकों ने मिठाई बांटकर खुशी मनाई। मतगणना शुरू होने के साथ ही सपा गठबंधन प्रत्याशी राहुल यादव ने भाजपा प्रत्याशी ठाकुर लक्ष्मीराज सिंह पर बढ़त बना ली थी। उनकी यह बढ़त गिनती के 23वें राउंड तक जारी रही। मगर 24 वें राउंड में लक्ष्मीराज ने सपा गठबंधन प्रत्याशी पर बढ़त बना ली, जिसके बाद मतगणना के अंतिम चरण तक उनकी बढ़त जारी रही। शाम में जैसे ही लक्ष्मीराज सिंह के विजयी होने की सूचना सिकंदराबाद पहुंची तो कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। नगर हाईवे स्थित यशराज हॉस्पिटल पर डा. नरेश शर्मा, बाजार माधोदास में डा. प्रदीप दीक्षित के नेतृत्व में दनकौर रोड पर भाजपा किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष हेमंत शर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ता एकत्र हुए। कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाते हुए भारत माता के जयकारे लगाए और मिठाई बांटकर खुशी मनाई। इस मौके पर गीता गोयल, राजू सैनी, जॉनी बाल्मीकि, रवि लोधी, अरुण सैनी ,हेमंत सैनी, महेंद्र कौशिक ,ऋषभ जैन समेत कार्यकर्ता मौजूद रहे।