प्रसव के बाद महिला की मौत पर हंगामा
सिकंदराबाद। प्रसव के बाद महिला की अस्पताल में मौत हो गई। परिजनों ने चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को कोतवाली ले आई।
कोतवाली क्षेत्र के गांव गेसूपुर निवासी नसरीन (22) पत्नी साजिद को शनिवार को डिलीवरी के लिए सिकंदराबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां उसने एक पुत्र को जन्म दिया। परिवार के लोगों ने बताया कि बच्चे को जन्म देने के बाद से ही नसरीन की तबीयत बिगड़ती चली गई। यह देख उन्होंने डाक्टर से महिला को किसी और अस्पताल ले जाने के लिए कहा तो डाक्टर ने उन्हें भरोसा दिया कि सब ठीक हो जाएगा। लेकिन दोपहर बाद तबीयत अधिक खराब हो जाने पर चिकित्सक ने उन्हें किसी अन्य अस्पताल में ले जाने के लिए कह दिया। जैसे ही वह नसरीन को कार से कही ओर ले जाने की तैयारी कर रहे थे उसकी मौत हो गई। परिजनों ने चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और डाक्टर और मृतका के परिजनों को कोतवाली ले आई। मामले में कोतवाल जयकरण सिंह का कहना है कि अभी किसी पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद ही कार्रवाई की जाएगी।