चुनाव में जीत का श्रेय लेने को युवक की हत्या
ककोड़। प्रधानी के चुनाव में जीत का श्रेय लेने लेने के विवाद में एक व्यक्ति की हत्या कर शव को पेड़ पर लटका दिया गया। मृतक के बेटे की तहरीर पर पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के गांव हसनपुर बकसवा निवासी गौरव सिंह भाटी पुत्र मदन सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि सोमवार को उनका गांव के ही सत्यवीर सिंह, आकाश, योगिंद्र, कपिल, सोनू, भगवान सिंह, जीतू के साथ विवाद हो गया था। उक्त सभी लोगों ने उसके पिता को जान से मारने की धमकी दी थी। वह उसके पिता की हत्या किए जाने की फिराक में लग गए। जैसे ही उसके पिता सुबह खेतों पर घूमने के लिए गए तो आरोपियों ने उनकी हत्या कर शव को पेड़ से लटका दिया। सूचना पर मौके पर पहुंचे और पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। मृतक के बेटे की तहरीर पर सभी आरोपियों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। सभी फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।
--
दोनों पक्षों में हुआ था विवाद
ग्राम प्रधान की जीत का श्रेय लेने के लिए दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। सोमवार को संपन्न हुई ग्राम पंचायत की मतगणना में उनकी पार्टी का प्रत्याशी प्रधान पद का चुनाव जीत गया। जीत का श्रेय लेने को लेकर दोनों पक्षों में पहले सिकंदराबाद में कहासुनी, मारपीट हुई। इसके बाद रास्ते में वैर में दोनों पक्षों में कहासुनी-मारपीट हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों के लोगों को थाने ले आई। बताया कि ग्रामीणों ने आपसी सहमति से दोनों पक्षों में समझौता करा दिया। इसके बाद पुलिस ने हिरासत में लिए गए दोनों पक्षों के लोगों को सुपुदर्गी में दे दिया।