सात साल की मासूम से दरिंदगी की कोशिश
सिकंदराबाद। गांव निवासी युवक ने सात साल की मासूम बच्ची को बहला-फुसलाकर बौंगे बिटोरे में ले जाकर दरिंदगी की कोशिश की। मासूम की चीखपुकार सुनकर वहां से गुजरी रही गांव निवासी महिला ने उसे दरिंदे के चंगुल से छुड़ाया। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव निवासी व्यक्ति ने तहरीर देते हुए बताया कि रविवार को वह परिवार के लोगों के साथ गुलावठी क्षेत्र के गांव में रिश्तेदारी में शादी समारोह में गया था। घर पर उसकी पत्नी और सात वर्षीय बेटी थी। दोपहर करीब 2.30 बजे गांव निवासी युवक उसकी सात वर्षीय बेटी को बहला-फुसलाकर बौंगे बिटोरों में ले गया। और उसके साथ छेड़छाड़ करते हुए दुष्कर्म का प्रयास किया। उक्त युवक ने उसकी बेटी के साथ मारपीट भी की। बताया कि बच्ची की चीखपुकार सुनकर पास से गुजर रही गांव निवासी महिला ने दरिंदे से उसकी जान बचाई। महिला के पहुंचते ही आरोपी फरार हो गया।
पीड़िता के पिता की तहरीर पर आरोपी युवक के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।