सिकंदराबाद । खरीदारी कर बाइक से घर लौट रहे रिटायर्ड फौजी को गांव के बाहर बुधवार की शाम वाहन ने रौंद दिया। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने गंभीर रूप से घायल रिटायर्ड फौजी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, चोला गांव निवासी रमेश उर्फ रामेश्वर (60) पुत्र दुर्गा सिंह फौज से सेवानिवृत्ति थे। बुधवार की शाम वह चोला चौकी के पास स्थित बाजार से घरेलू सामान की खरीदारी करने गए थे। करीब 7.45 बजे खरीदारी करने के बाद वह बाइक से वापस घर लौट रहे थे। सिकंदराबाद-खुर्जा मार्ग पर गांव के बाहर किसी अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। दुर्घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने हादसे की सूचना परिजनों की दी। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने पूर्व फौजी को मृत घोषित कर दिया। चौकी प्रभारी शैलेंद्र कुमार जादौन ने बताया कि शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।