लोन दिलाने वाले एजेंट ने अपने खाते में रकम कर ली ट्रांसफर
बुलंदशहर । लोन दिलाने वाले एजेंट ने एक निजी स्कूल के चपरासी के साथ 6.88 लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
नगर स्थित एक निजी स्कूल के चपरासी ने बताया कि वह वर्षों से स्कूल में नौकरी कर रहा है। कुछ माह पूर्व वह औद्योगिक क्षेत्र के गांव निवासी लोन दिलाने वाले एजेंट के संपर्क में आया था। उक्त एजेंट ने उसका लोन कराने के लिए उससे हस्ताक्षर कराकर सात कोरे चेक लिए थे। बताया कि एजेंट ने उसका 6.88 लाख रुपये का लोन कराया था। जैसे ही लोन की राशि उसके खाते में आई एजेंट ने उससे लिए गए चेक के माध्यम से राशि अपने खाते में ट्रांसफर कर ली। चार माह बाद जब वह अपनी बैंक पासबुक अपडेट कराने के लिए गया तो उसे जानकारी हुई। बताया कि चार माह से उसके खाते से हर माह किस्त भी कट रही थी। कोतवाल योगेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही हैं। कार्रवाई की जाएगी।