अवैध निर्माण रोकने गए लोगों पर हमला, दो लोग घायल
डिबाई। अवैध निर्माण कराने का विरोध करने के मामले में दो पक्षों में मारपीट हो गई, जिसमें दो लोग घायल हो गए। इस मामले में पुलिस ने आठ नामजद और दस अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
मोहल्ला महादेव निवासी राहुल सिंघल ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि शुक्रवार सुबह धर्मपुर मार्ग एफसीआई गोदाम गेट के निकट उसके प्लॉट पर अवैध निर्माण किया जा रहा है। मौके पर जाकर उन्होंने व महेंद्र सिंह ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से धारदार हथियार और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। आरोपियों के हमले से उसे और महेंद्र सिंह निवासी गांव सुल्तानपुर बिलोनी को गंभीर चोटें आई हैं। बताया कि मौके से गुजर रहे राहगीर विनेश कुमार, पवन कुमार, राजवीर सिंह, नेत्रपाल सिंह, रूपकिशोर भोला भैया, कलियान सिंह, सत्य प्रकाश ने उन्हें बचाया और अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद महेंद्र सिंह की हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। मामले में पीड़ित ने भवानी, खूबी, मुंशी, भीमा, महेंद्र, दीपक फौजी, गिरीश, सूरज समेत पांच महिलाओं और 10 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। थाना प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। घायलों का मेडिकल कराया गया है।