अब स्मार्ट क्लास में पढ़ेंगी कस्तूरबा की छात्राएं
बुलंदशहर। बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित करने के लिए जिले के सभी 16 ब्लॉकों में संचालित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों की छात्राएं कंप्यूटर व प्रोजेक्टर से पढ़ाई कर सकेंगी। योजना को अमली जामा पहनाया जा सके इसके लिए शासन से मंजूरी मिलने के बाद बेसिक शिक्षा विभाग जैम पोर्टल से उपकरण खरीदने की कवायद में जुट गया है।
सर्व शिक्षा अभियान के तहत बालिकाओं को शिक्षित करने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग सभी ब्लॉकों में एक-एक कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय संचालित करता है। स्कूल में कक्षा छह से आठ तक बालिकाओं को आवासीय सुविधा के साथ निशुल्क ड्रेस, भोजन, पाठ्य पुस्तक से लाभान्वित किया जाता है। बालिकाओं को शिक्षित करने के साथ उन्हें तकनीकी शिक्षा में दक्ष कर रोजगार परक शिक्षा देने के लिए शासन सक्रिय हो गया है। कवायद सफल हो सके इसके लिए सभी कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में कंप्यूटर शिक्षा को अनिवार्य किया जा रहा है। बालिकाओं को कंप्यूटर शिक्षा दी जा सके इसके लिए शासन ने सभी केजीबीवी में सेट कंप्यूटर स्थापना को मंजूरी देते हुए प्रति स्कूल पांच-पांच लाख रुपये को वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। उम्मीद है कि उपकरणों की खरीद व प्रोजेक्टर पर पढ़ाई का काम जल्द पूरा हो जाएगा। बेसिक शिक्षा अधिकारी बीके सिंह ने बताया कि सभी 16 स्कूलों में 1500 से अधिक छात्राएं अध्ययनरत हैं। इन स्कूलों में पहले से ही कंप्यूटर उपलब्ध हैं। लेकिन स्मार्ट क्लास का संचालन करने के लिए अन्य उपकरण की जरूरत है। पंजीकृत बालिकाओं को गुणवत्ता परक शिक्षा देने के लिए लगातार कोशिश की जा रही है। उपकरणों की स्थापना के बाद बालिकाओं को बेहतर शिक्षा ग्रहण करने में सहूलियत होगी। इस कार्य को नियमानुसार किया जाएगा। इसके लिए संबंधित अफसर और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए जाएंगे। उन्होंने यह भी बताया कि तीन कस्बूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालयों में बालिका हॉस्टल बन रहे हैं। जबकि तीन ऐसे विद्यालय चयनित किए गए हैं, जहां पर छात्राओं को 12वीं तक शिक्षा मिल सकेगी। इस कार्य को पूरा करने के लिए कार्य जारी है और जल्द पूरा हो जाएगा।