एक की ओटी समेत दो अंपजीकृत अस्पताल सील
बुलंदशहर। शिकारपुर क्षेत्र में बिना पंजीकरण संचालित हो रहे दो अस्पतालों को स्वास्थ्य विभाग ने सील कर दिया है। दोनों अस्पताल में एक सप्ताह पूर्व उपचार के दौरान नवजात की मौत के बाद शिकायत पर जांच की गई। हालांकि एक अस्पताल में मरीज भर्ती होने की वजह से फिलहाल उसकी ओटी को सील किया गया है।
जानकारी के अनुसार, शिकारपुर क्षेत्र में बिना पंजीकरण चल रहे अमर ज्योति हॉस्पिटल में एक सप्ताह पूर्व डिलीवरी के दौरान बच्चे की मौत हो गई। जिसकी परिजनों द्वारा शिकायत की गई तो वहीं, डिबाई रोड स्थित शिकारपुर में राधा रानी हॉस्पिटल भी बिना पंजीकरण के संचालित हो रहा है। यहां पर भी डिलीवरी के दौरान एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि प्रसूता की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। परिजनों द्वारा कार्रवाई की मांग करते हुए अस्पताल की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल की थी। जिसे संज्ञान में लेकर स्वास्थ्य अफसरों द्वारा दोनों अस्पतालों का निरीक्षण किया गया। एसीएमओ एवं नोडल अधिकारी डॉ. सुनील कुमार ने बताया कि शिकारपुर क्षेत्र में दो अस्पतालों में एक-एक बच्चे की मौत हो जाने की शिकायत मिली थी। दोनों अस्पतालों का निरीक्षण कर पंजीकरण संबंधी दस्तावेज मांगे गए। पंजीकरण संबंधी दस्तावेज न दिखाए जाने पर अमर ज्योति हॉस्पिटल को पूर्णतय सील कर नोटिस थमाया गया है और राधा रानी हॉस्पिटल में मरीज भर्ती होने पर फिलहाल ओटी को सील कर नोटिस थमाया गया है।