पिटाई के आरोपी को जेल भेजने के लिए व्यापारियों ने किया प्रदर्शन
शिकारपुर। चार दिन पहले सराफा व्यापारी के साथ मारपीट के मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर शनिवार को व्यापारियों ने प्रदर्शन किया। उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष राजेंद्र अग्रवाल के नेतृत्व में व्यापारियों ने प्रदर्शन करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजने की मांग की। 26 जुलाई की शाम नगर के मोहल्ला नौगंज निवासी सराफा व्यापारी और उद्योग व्यापार मंडल के कार्यकारी नगर अध्यक्ष देवीशरण मित्तल के साथ पड़ोसी अभीष्ट उफ़ॱर मन्नू ने मारपीट की थी। जिसमें उनके हाथ की हड्डी में फ्रैक्चर हो गया था। प्रकरण में व्यापारी के पुत्र दीपांशु मित्तल ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोप है कि पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया था, लेकिन गिरफ्तारी नहीं की। जिसके चलते शनिवार को उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष राजेंद्र अग्रवाल के नेतृत्व में नगर के व्यापारी कोतवाली पहुंचे और आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजने की मांग की। इस दौरान व्यापारी प्रदर्शन करते हुए कोतवाली के सामने मोड़ पर धरने पर बैठ गए। व्यापारियों के प्रदर्शन की सूचना पर सीओ अजय कुमार मौके पर पहुंचे और व्यापारियों को कार्रवाई का आश्वासन दिया। करीब एक घंटे तक प्रदर्शन के बाद व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया तो वह फिर से प्रदर्शन के लिए मजबूर होंगे। मौके पर वीरेंद्र गर्ग, नमन जैन, दीपांशु मित्तल, देवीशरण मित्तल उपस्थित रहे।