नगर की बीसा कालोनी में जलभराव की समस्या को लेकर सदर विधायक को अवगत कराते लोग।
- फोटो : BULANDSHAHR
सड़क पर भरा गंदा पानी, विधायक ने बाल्टी से निकाला
बुलंदशहर। नगर की बीसा कालोनी कालोनी की नालियों की सफाई न होने के कारण सड़क पर जलभराव हो रहा है। शनिवार को सदर विधायक ने बाल्टी के माध्यम से सड़क पर भरे पानी को निकाला। इस दौरान लोगों की समस्याएं सुनते हुए शीघ्र निराकरण कराने का आश्वासन दिया।
भूड़ चौराहा क्षेत्र स्थित बीसा कालोनी की मुख्य सड़क पर करीब छह माह से पानी भरा हुआ है। हालात यह है कि गंदे पानी की निकासी के लिए बनाई गई नालियां सैकड़ों स्थानों से टूटी होने के साथ ही गंदगी से अटी पड़ी हैं। लोगों द्वारा बार-बार समस्या से निजात दिलाने के लिए अधिकारियों को शिकायत दी गई, लेकिन समस्या का कोई समाधान नहीं हुआ। जिसके चलते प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में विद्यार्थी स्कूल जाने के दौरान परेशान होते हैं और आने जाने के दौरान अन्य लोगों को भी परेशानी होती है। शनिवार सुबह सदर विधायक प्रदीप चौधरी ने मौके पर पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनीं। जब लोगों ने विधायक से सड़क पर हुए जलभराव से निजात दिलाने की मांग की तो विधायक प्रदीप चौधरी ने बाल्टी उठाकर खुद ही पानी निकालना शुरू कर दिया। साथ ही लोगों को आश्वासन दिया कि शीघ्र ही लोगों की समस्याओं का समाधान कराने के लिए कदम उठाया जाएगा।