9.5 करोड़ के कार्य पूरा न करने पर तीन ठेकेदारों को ब्लैक लिस्ट करने की संस्तुति
बुलंदशहर। निर्माण कार्य में लापरवाही और समय से कार्य पूरा न करने के मामले में लोक निर्माण विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। करीब साढ़े नौ करोड़ रुपये के सड़क निर्माण, चौड़ीकरण का कार्य करने वाले तीन ठेकेदारों के खिलाफ ब्लैक लिस्ट करने की संस्तुति की है। बताया जा रहा है कि अधिकारियों की संस्तुति के बाद एक ठेकेदार ने तत्काल कार्य दोबारा से शुरू कर जल्द पूरा करने का शपथ पत्र अधिकारियों को दिया है।
लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने करीब एक वर्ष पूर्व जिले में विभिन्न स्थानों पर सड़कों के निर्माण, चौड़ीकरण और मरम्मत का कार्य शुरू किया था। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी करते हुए पात्र ठेकेदारों को टेंडर जारी किए थे। इस दौरान हाजीपुर टक्कर संपर्क मार्ग की करीब एक एक किमी निर्माण के लिए 16.84 लाख की लागत से मैं दुर्गा कॉन्ट्रेक्टर चित्सौन, पिसावा-गोसनी मार्ग मार्ग के 4.6 किमी चौड़ीकरण के लिए 6.13 करोड़ की लागत से आरआर एसोसिएट, चांदपुर-पूठी में जेपी स्कूल से वाया दोहरा गांव बिगरऊ तक 3.27 किमी सड़ के लिए 2.49 करोड़ की लागत से आरआर एसोसिएट और खुशहालपुर से अहमदाबाद-मोहम्मदाबाद मार्ग के लिए 3.51 किमी के लिए 64.94 लाख की लागत से मैं साईं कंस्ट्रक्शन को ठेका छोड़ा गया था। बताया जा रहा है कि ठेकेदारों ने इसके लिए मानकों को ताक पर रखते हुए कार्य करने में जमकर लापरवाही की। अधिकारियों की ओर से निरीक्षण करने के बाद सही गुणवत्ता से कार्य करने के निर्देश भी दिए, लेकिन अधिकारियों के निर्देशों को ठेकेदारों ने ताक पर रख दिया। अब एक्सईएन की ओर से तीनों ठेकेदारों को ब्लैक लिस्ट करने की संस्तुति करते हुए चीफ इंजीनियर को पत्र भेजा है। बताया जा रहा है कि एक्सईएन के पत्र के बाद एक ठेकेदार ने समय से कार्य पूरा करने का आश्वासन देते हुए चीफ से समय मांगा है।
50 हजार लोगों को झेलनी पड़ रही परेशानी
ठेकेदारों की कार्य करने में लापरवाही के चलते करीब 50 हजार लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। बताया जा रहा है कि अभी तक सड़क निर्माण या चौड़ीकरण न होने के कारण आए दिन हादसे भी हो रहे हैं। बताया जा रहा है कि ठेकेदार ने अधिकारियों ने पत्र लिखकर ग्रामीणों द्वारा विरोध भी करने की बात कही थी, लेकिन अधिकारियों की जांच में यह बात फर्जी पाई गई थी।
कोट -
तीन ठेकेदारों को बार-बार पत्र जारी करते हुए समय और गुणवत्ता से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए। इसके बाद भी उन्होंने समय से कार्य नहीं किया। जिसके चलते तीनों को ब्लैक लिस्ट करने की संस्तुति करते हुए चीफ को पत्र लिखा गया है।
- प्रताप सिंह, एक्सईएन, लोक निर्माण विभाग