दहेज के लिए विवाहिता की फांसी लगाकर हत्या
औरंगाबाद। थाना क्षेत्र के गांव जिताका में मंगलवार को एक विवाहिता की दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों ने फांसी लगाकर हत्या कर दी। मृतका के पिता ने पति समेत तीन के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। लेकिन अभी तक आरोपियोंन को पकड़ा नही जा सका है। जहांगीराबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव कुरेना निवासी कालीचरण ने अपनी पुत्री मधु की शादी गांव जिताका निवासी सर्वेश के साथ 29 जून 2020 को की थी। शादी में काफी दान दहेज दिया गया था। लेकिन, ससुराल वाले उससे संतुष्ट नही थे। वे आये दिन विवाहिता से दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित कर रहे थे।मंगलवार शाम ससुरालीजनों ने विवाहिता की फांसी लगाकर हत्या कर दी। दहेज हत्या की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और थाना पुलिस को फोन कर मामले की सूचना दी। सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुची। बाद में सीओ सिटी शशांक सिंह भी मौके पर आ गए। मृतका के पिता कालीचरण ने पति सर्वेश, ससुर नरेश और सांस विमलेश के खिलाफ तहरीर दी। सीओ सिटी शशांक सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है।