रोडवेज बसों में शुरू होगी कुरियर सेवा
बुलंदशहर। उप्र परिवहन निगम ने अब फिर से कुरियर सेवा शुरू करने का फैसला किया है। कोरियर कंपनियां जल्द ही बस अड्डों पर ही बुकिंग सेंटर खोलेंगी। इसके बाद जिले के सभी रोडवेज बस अड्डों पर भी कुरियर पार्सल सेवा शुरू हो जाएगी। कंपनियों के लिए निविदाएं लेने का काम परिवहन निगम जल्द शुरू करेगा। कंपनी तय होने के बाद कुरियर-पार्सल सेवा शुरू हो जाएगी। बुलंदशहर डिपो के एआरएम धीरज सिंह पंवार ने बताया कि कुरियर-पार्सल भेजने की दरें स्टेशन पर बने बुकिंग सेंटर के साथ निगम की वेबसाइट पर भी मिलेगी। इसके साथ भेजने वाले पार्सल पैकेट और कोरियर को सुरक्षा की दृष्टि से जांचने के लिए बस अड्डों पर स्कैनर मशीन या हैंडहेल्ड मैटल डिटेक्टर मशीन लगाई जाएगी। जल्द ही मुख्यालय के निर्देश पर कंपनी के लिए निविदाएं ली जाएंगी। कंपनी का नाम तय होने के बाद कुरियर-पार्सल सेवा शुरू होगी। इसके बाद लोग पार्सल या कोरियर की बुकिंग करके अपना सामान भेज सकेंगे।