रिश्वत का वीडियो वायरल, तीन सिपाही लाइन हाजिर
खुर्जा। नगर कोतवाली में तैनात सिपाहियों द्वारा रिश्वत लेते हुए वायरल वीडियो प्रकरण में एसएसपी ने खुर्जा नगर कोतवाली में तैनात तीन सिपाहियों को लाइन हाजिर कर दिया। खुर्जा नगर कोतवाली में तैनात सिपाही द्वारा एक दुकान पर रिश्वत लेने का वीडियो शनिवार को सामने आया। वीडियो में सिपाही सोफे पर बैठ कर एक युवक से रुपये लेकर गिनते हुए नजर आ रहा है। बताया गया कि शुक्रवार को भी इसी दुकान पर एक अन्य सिपाही द्वारा रिश्वत के रूपये गिनने का वीडियो वायरल हुआ था। शनिवार को भी रिश्वत लेने का वीडियो सामने आने पर एसएसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिक जांच के आधार पर सिपाहियों पर कार्रवाई कर दी। खुर्जा नगर कोतवाली में तैनात सिपाही जितेन्द्र शर्मा, जयवीर सिंह व विनोद कुमार को लाइन हाजिर कर दिया है। एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि दो सिपाहियों का एक ही दुकान पर रिश्वत लेते हुए वीडियो सामने आया है। जबकि तीसरा सिपाही भी इस काम में शामिल पाया गया है। प्राथमिक जांच के आधार पर तीनों को लाइन हाजिर किया गया है।