धोखाधड़ी कर युवक के खाते से आरोपी ने निकाले 6.40 लाख रुपये
बुलंदशहर। कोतवाली देहात क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति के साथ धोखाधड़ी कर ठग ने ऑनलाइन ट्रांजेक्शन कर 6.40 लाख रुपये की ठगी कर ली। जानकारी होने पर पीड़ित ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। साइबर सेल मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है। हालांकि, अभी तक आरोपी का सुराग नहीं लग सका है।
देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव मिलक मौसमगढ़ निवासी गौरव कुमार ने तहरीर देकर बताया कि उनका नगर के ही एक बैंक में खाता है। 16 जनवरी को उनके फोन पर अज्ञात नंबर से कॉल आई, आरोपी ने खुद को बैंक अधिकारी बताते हुए उनके खाते से संबंधित जानकारी हासिल की। पीड़ित ने उसके झांसे में आकर उसे जानकारी उपलब्ध करा दी। कुछ देर बाद पीड़ित को उसके खाते से 6.40 लाख रुपये किसी अन्य खाते में ऑनलाइन ट्रांजेक्शन होने की जानकारी बैंक से आए मेसेज के माध्यम से हुई।
पीड़ित ने उक्त नंबर पर कॉल की तो वह नहीं मिला। पीड़ित ने तहरीर देकर अज्ञात आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने व रकम वापस दिलाए जाने की मांग की है। सीओ सिटी शशांक सिंह ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच साइबर टीम को सौंप दी गई है।