नहीं कटेगी चुनावी ड्यूटी, आपात स्थिति में होगा निर्णय
बुलंदशहर। चुनाव में ड्यूटी से बचने के लिए बहाने वाले कर्मचारियों की ड्यूटी इस बार नहीं काटी जाएगी। डीएम सीपी सिंह ने साफ किया है कि किसी भी प्रकार की बहानेबाजी के दम पर ड्यूटी नहीं काटी जाएगी। यदि कोई भी कर्मचारी अब कोविड संक्रमित हो रहा है तो वह अधिकतम एक सप्ताह में ठीक हो रहा है। ऐसे में वह कर्मचारी ड्यूटी करने में सक्षम हो जाता है। यदि ड्यूटी से पहले कोई कर्मचारी संक्रमित होता है तो ऐसी स्थिति में उसकी रिपोर्ट व अन्य आवश्यक कार्रवाई की जाएंगी, जिसके बाद ही ड्यूटी से हटाया जाएगा। उन्होंने बताया कि चुनाव में ड्यूटी करने से बचने के लिए कर्मचारियों को बहानेबाजी नहीं करनी चाहिए। यदि कोई कर्मचारी गंभीर बीमार है और उसका उपचार चल रहा है, इसके लिए संबंधित को आवश्यक दस्तावेज और जांच रिपोर्ट पेश करनी होंगी। इसके बाद चिकित्सकों से इसकी जांच कराते हुए ड्यूटी काटने की अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।